- प्रेम प्रसंग बना टिक-टॉक स्टार की पिटाई का कारण
- जेल में बंद शातिर बदमाश के इशारे पर हुई वारदात
- सरेराह हुई इस पिटाई का वीडियो हो गया था वायरल
पुलिस के मुताबिक एक वीडियो वायरल हुआ. जिसमें एक टिक-टॉक स्टार को पिस्टल की नोक पर पीटा जा रहा था. पीड़ित के साथ गाली-गलौज की जा रही है और उसे धमकाया भी जा रहा था. इस बाबत पुलिस को शिकायत मिली. जिसमे नजफगढ़ निवासी एक नाबालिग ने पुलिस को बताया कि छावला इलाके में दिनदहाड़े उसके साथ पिस्टल की नोक पर मारपीट और गाली-गलौज की गई है.
पुलिस ने इस बाबत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पूरे मामले की जांच स्पेशल स्टाफ को दे दी गई. जांच के दौरान स्पेशल स्टाफ ने भूपेंद्र मान नाम के बदमाश को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद फिर छावला थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की टीम ने मान के नाबालिक साथी को भी पकड़ लिया.
द्वारका के डीसीपी एन्टो अल्फोंस ने जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ की गई तो पता चला, जेल में बंद आशु सहरावत के डायरेक्शन पर भूपेंद्र मान और उसके नाबालिग साथी ने टिक-टॉक स्टार की पिटाई की थी और इसका वीडियो बनाकर वायरल किया था. जिसकी वजह बनी आशु सहरावत की गर्लफ्रेंड. जिसके साथ टिक-टॉक स्टार की दोस्ती हो गई थी.
एक दिन टिक-टॉक स्टार ने लड़की से आशु के बारे में कहा कि वो तो एक अपराधी है. ये बात किसी तरह जेल में बंद आशु को पता चल गई. जिसके बाद उसने फेसबुक मैसेंजर के जरिए अपने साथी भूपेंद्र से संपर्क किया और टिक-टॉक स्टार को सबक सिखाने के लिए कहा. उसने भूपेंद्र से ये भी कहा कि वारदात को अंजाम देते वक्त वीडियो भी बनाए.
डीसीपी ने बताया कि आशु सहरावत कैर गांव में हुए एक मर्डर केस में आरोपी है और वो अभी तिहाड़ जेल में बंद है. फिलहाल पुलिस ने भूपेंद्र मान को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उसके नाबालिग साथी को भी पकड़ा है. जिसने इस वीडियो को बनाया है. बताया जा रहा है कि आशु की तरफ से ही ये पूरा वीडियो वायरल किया गया था ताकि टिक-टॉक स्टार को नीचा दिखाया जा सके.
